नई दिल्ली, 5 सितंबर 2025 : देश के ज्यादातर हिस्सों में भारी बारिश और बाढ़ का कहर जारी है। कश्मीर से कन्याकुमारी तक लोग परेशान हैं। पंजाब में बाढ़ से 43 लोगों की मौत हो चुकी है। 23 जिलों के 1902 से ज्यादा गांव पानी में डूबे हैं, जिससे 3.84 लाख लोग प्रभावित हैं। हिमाचल प्रदेश के कुल्लू में भूस्खलन से एक व्यक्ति की मौत हुई और छह लापता हैं। जम्मू के किश्तवाड़ में भूस्खलन से पांच लोग घायल हुए। अरुणाचल प्रदेश में पांच जगहों पर भूस्खलन से यातायात ठप हो गया।
हिमाचल और जम्मू में भूस्खलन का कहर
कुल्लू में गुरुवार सुबह इनर अखाड़ा बाजार में दो घर मलबे में दब गए। 10 लोग फंसे थे, जिनमें से तीन को बचाया गया, एक की मौत हो गई और छह अभी लापता हैं। किश्तवाड़ में रटले जल विद्युत परियोजना में भूस्खलन से पांच लोग मलबे में दबे, लेकिन उन्हें बचा लिया गया। मणिमहेश से 450 श्रद्धालुओं को निकाला गया, लेकिन 500 अभी फंसे हैं। हिमाचल में आपदा से 5700 करोड़ का नुकसान हुआ है, राज्य सरकार ने केंद्र से आर्थिक पैकेज मांगा है।
पंजाब और हरियाणा में बाढ़ की तबाही
पंजाब में बाढ़ से हालात खराब हैं। केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने इलाकों का दौरा किया और हरसंभव मदद का वादा किया। पंजाब-जम्मू सीमा पर 110 किमी बाड़ क्षतिग्रस्त हो गई और बीएसएफ की 90 चौकियां पानी में डूब गईं। हरियाणा में बारिश और जलभराव से पांच मौतें हुईं, एक व्यक्ति बह गया। यमुना, घग्गर, टांगरी और मारकंडा नदियां खतरे के निशान से ऊपर हैं। चंडीगढ़ में 20.4 मिमी बारिश हुई। श्रीनगर के बडगाम में शालिना बांध में दरार से सात गांव खाली कराए गए।
गुजरात में रेड अलर्ट, भारी बारिश की चेतावनी
मौसम विभाग ने गुजरात के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। 5-6 सितंबर को तेज बारिश हो सकती है। सौराष्ट्र और कच्छ में 6-7 सितंबर तक भारी से बहुत भारी बारिश का अनुमान है।
दिल्ली-एनसीआर में थोड़ी राहत, लेकिन कुछ इलाकों में बारिश
दिल्ली, गुरुग्राम और नोएडा में लगातार बारिश से परेशान लोगों को राहत मिल सकती है। दिल्ली में आज बारिश नहीं होगी, लेकिन गुरुग्राम और फरीदाबाद में जारी रह सकती है।
ये भी पढ़ें: उत्तराखंड में बादल फटने से तबाही: रुद्रप्रयाग और चमोली में कई परिवार मलबे में फंसे, बचाव कार्य तेज
राजस्थान में अगले चार दिन भारी बारिश
राजस्थान में कई जगहों पर भारी बारिश हुई। दौसा के सिकराय में 104 मिमी बारिश दर्ज की गई। अगले तीन-चार दिनों में उदयपुर, बूंदी, बांसवाड़ा समेत कई जिलों में भारी बारिश का अनुमान है। सिरोही, नागौर, पाली, टोंक आदि के लिए येलो अलर्ट जारी।
ओडिशा और मुंबई में बारिश जारी
ओडिशा में भारी बारिश से राज्य प्रभावित है। मुंबई में बादल छाए हैं और मध्यम बारिश का अनुमान है। पिछले 24 घंटों में शहर में 6.75 मिमी, पूर्वी उपनगरों में 7.39 मिमी और पश्चिमी में 15.32 मिमी बारिश हुई।



